Quad के सदस्य देशों तथा अमेरिका के बाद अब फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मेक्रो ने भी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया है|
इमानुएल मेक्रो ने UNSC में भारत के अलावा जर्मनी, जापान, ब्राजील और दो अफ़्रीकी देशों को सदस्यता देने के लिए कहा है तथा UNSC में सुधार की बात कही है|
फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मेक्रो ने 25 सितंबर 2024, बुधवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79 वे सत्र में कहा कि “हमारे पास एक सुरक्षा परिषद है, जिसे हमें और अधिक प्रभावी बनाने की जरूरत है| हमें इसे और अधिक प्रतिनिधित्व पूर्ण बनाना होगा| इसलिए फ्रांस सुरक्षा परिषद के विस्तार के पक्ष में है| जर्मनी, जापान, भारत और ब्राजील को स्थायी सदस्य होना चाहिए, साथ ही दो ऐसे देश भी होने चाहिए, जिन्हें अफ्रीका इसका प्रतिनिधित्व करने के लिए तय करेगा|”
वर्तमान में फ्रांस सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों (रूस, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, अमेरिका) में से एक है|
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने भी शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए 15 देशों की सुरक्षा परिषद को चेतावनी दी तथा सुरक्षा परिषद को पुरानी व्यवस्था बताया और कहा कि “इसके अधिकार कम होते जा रहे हैं| अगर इसकी संरचना और कार्य पद्धति में सुधार नहीं किया जाता है, तो यह अपनी सारी विश्वसनीयता खो देगी| हम अपने दादा-दादी के लिए बनाई गई प्रणाली के साथ अपने पोते- पोतियों के लिए भविष्य का निर्माण नहीं कर सकते|”
भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता पर बल देता आ रहा है तथा सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट की मांग करता आ रहा है| वर्तमान की इन सब घटनाओं से भारत की सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट की दावेदारी मजबूत होती दिखाई दे रही है|
Social Plugin